Delhi-NCR: दिल्ली में विधानसभा चुनावों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को वोटिंग होगी, और इसके लिए तैयारियां तेज़ी से पूरी की जा रही हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए 4 दिनों तक दिल्ली में शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

कब-कब बंद रहेंगी शराब की दुकानें?

चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक, दिल्ली में 3 फरवरी से लेकर 5 फरवरी तक यानी वोटिंग खत्म होने तक सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही 8 फरवरी को मतगणना के दिन भी शराब की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इन दिनों को ड्राई डे घोषित किया गया है।

क्या नोएडा और गुरुग्राम में भी बंद रहेंगी शराब की दुकानें?

यह सवाल कई लोगों के मन में है कि जब दिल्ली में शराब की दुकानें बंद रहेंगी, तो क्या नोएडा और गुरुग्राम में भी ऐसा ही होगा? इसके जवाब में बताया गया है कि नोएडा उत्तर प्रदेश का हिस्सा है और गुरुग्राम हरियाणा का शहर है। इन राज्यों में दिल्ली के चुनाव के कारण शराब की दुकानों पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। इसका मतलब है कि इन जगहों पर शराब की बिक्री जारी रहेगी।

दिल्ली से सटे इलाकों में हो सकती है पाबंदी

हालांकि, दिल्ली से सटे कुछ सीमावर्ती इलाकों में शराब की दुकानों को बंद किया जा सकता है। ऐसा लोकसभा चुनावों के दौरान भी किया गया था, जब सुरक्षा कारणों से दिल्ली बॉर्डर के पास की दुकानों पर प्रतिबंध लगाया गया था।

ड्राई डे के दौरान नोएडा-गुरुग्राम से शराब लाना होगा अपराध

अगर आप सोच रहे हैं कि ड्राई डे के दिन नोएडा या गुरुग्राम से शराब खरीदकर दिल्ली ला सकते हैं, तो यह एक बड़ी गलती साबित हो सकती है। चुनाव के दिन शराब के साथ पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। आपको जेल की सजा और भारी जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।

क्यों लागू किया जाता है ड्राई डे?

ड्राई डे का उद्देश्य चुनाव के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखना है। इससे किसी भी तरह की हिंसा या अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिलती है।