Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस लगातार अपराधियों पर नकेल कसने में जुटी हुई है। इसी क्रम में सोमवार रात ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पुलिस की दो बार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चार बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली मुठभेड़: बीएलएस वर्ल्ड स्कूल के पास
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने जानकारी दी कि सोमवार देर रात बिसरख थाना पुलिस बीएलएस वर्ल्ड स्कूल के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद ईको कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश शाहरूख पुत्र आरामोहम्मद निवासी डॉ. मुखर्जी नगर, दिल्ली और आकाश त्यागी पुत्र प्रदीप त्यागी निवासी बिजोली, मेरठ पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने उनके पास से श्री बाला जी किचन एक्यूपमेंट से चोरी की गई ईको कार, दो देसी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में बदमाशों ने 9 जनवरी की रात श्री बाला जी किचन एक्यूपमेंट में चोरी की वारदात को स्वीकार किया। कार में सवार अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
दूसरी मुठभेड़: पंचविहार कॉलोनी चिपियाना में
फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम को सूचना मिली कि चोरी का गिरोह पंचविहार कॉलोनी चिपियाना के पास चोरी का सामान ठिकाने लगाने जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। कुछ समय बाद महिंद्रा बुलेरो पिकअप को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुनाफ पुत्र मुनव्वर और गुलजार पुत्र फजरु, दोनों निवासी हापुड़, गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से आजाद पुत्र फजरु (हापुड़) और गोलू उर्फ अंकुश पुत्र जयप्रकाश (गाजियाबाद) को गिरफ्तार किया। इनके पास से महिंद्रा बुलेरो, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश के लिए कांबिंग ऑपरेशन जारी है। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
