Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस और मेरठ एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने महिला आरोपित समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पास से पांच किलो 500 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपितों के पास से तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र और 2000 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

जांच जारी
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही इस गिरोह के नेटवर्क का पता लगाकर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।