दिवाली का त्योहार माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना के बिना अधूरा माना जाता है। इस दिन घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से दोनों देवी-देवताओं की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता लक्ष्मी धन, वैभव और सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं, जबकि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और शुभ कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करते हैं। यही वजह है कि दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश की पूजा का विशेष महत्व होता है।

हालांकि, दिवाली पूजन के लिए केवल पूजा की विधि ही नहीं, बल्कि देवी-देवताओं की मूर्ति का चयन भी महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमा खरीदते समय कुछ विशेष नियमों का पालन करना चाहिए। आइए जानते हैं कि दिवाली के लिए मूर्ति खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

दिवाली की पूजा के लिए माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां खरीदते समय इस बात का ध्यान रखें कि दोनों की प्रतिमाएं अलग-अलग हों। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एक ही प्रतिमा में जुड़ी हुई लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदने से बचना चाहिए।

भगवान गणेश की ऐसी प्रतिमा चुनें, जिसमें उनके हाथ में मोदक हो और उनका वाहन मूषक भी मौजूद हो। मोदक को ज्ञान, आनंद और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही गणेश जी की सूंड बाईं ओर मुड़ी हुई होनी चाहिए। ऐसी प्रतिमा को घर में शुभता और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।

कमल के फूल पर विराजमान हों माता लक्ष्मी

माता लक्ष्मी की प्रतिमा खरीदते समय उनके आसन का विशेष ध्यान रखना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, कमल के फूल पर विराजमान माता लक्ष्मी की मूर्ति को पूजा के लिए शुभ माना जाता है। कमल पवित्रता, सुंदरता और समृद्धि का प्रतीक है। वहीं, उल्लू पर विराजमान माता लक्ष्मी की प्रतिमा खरीदने से बचने की सलाह दी जाती है।

मां लक्ष्मी की मुद्रा का भी रखें ध्यान

माता लक्ष्मी की मूर्ति खरीदते समय उनकी मुद्रा को भी देखना जरूरी माना जाता है। प्रतिमा में देवी का दाहिना हाथ वरमुद्रा में होना चाहिए, जबकि बाएं हाथ से सोने के सिक्कों की वर्षा होती दिखाई देनी चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह मुद्रा धन, वैभव और सौभाग्य का प्रतीक है।

इसके अलावा माता लक्ष्मी की खड़ी मुद्रा वाली प्रतिमा के बजाय कमल पर बैठी हुई प्रतिमा खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस स्वरूप में मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, ज्योतिष और विभिन्न धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है। इसका उद्देश्य केवल सामान्य जानकारी देना है। इन मान्यताओं की पुष्टि का दावा नहीं किया जाता।