Delhi Traffic Advisory: गणतंत्र दिवस समारोह के समापन के तहत आयोजित होने वाले बीटिंग द रिट्रीट का रिहर्सल आज, 28 जनवरी को किया जाएगा। यह समारोह हर साल 29 जनवरी को विजय चौक पर होता है, जिसमें झंडे उतारने और बैंड मार्च के साथ समारोह का औपचारिक समापन किया जाता है। इस रिहर्सल को लेकर विजय चौक और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए एडवायजरी जारी की है और लोगों को सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
विजय चौक रहेगा बंद
यातायात पुलिस के अनुसार, विजय चौक और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रतिबंध दोपहर 2:00 बजे से रात 9:30 बजे तक रहेगा। विजय चौक को इस दौरान आम यातायात के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
रफी मार्ग: सुनहरी मस्जिद से कृषि भवन तक
रायसिना रोड: कृषि भवन से विजय चौक तक
दारा शिकोह रोड
कृष्ण मेनन मार्ग
कर्तव्य पथ: विजय चौक से सी-हैक्सागन तक
यात्री इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
यातायात पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे प्रतिबंधित मार्गों से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड, और मिंटो रोड का उपयोग करें।
31 जनवरी तक लाल किले के पास भी यातायात नियंत्रण
केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा लाल किले में आयोजित भारत पर्व के कारण 31 जनवरी तक लाल किला और आसपास के मार्गों पर भी यातायात नियंत्रण रहेगा। इस आयोजन में झांकियां, हस्तशिल्प और खाद्य स्टॉल लगाए गए हैं। इसे देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है।
इन स्थानों पर कर सकेंगे वाहन पार्क
परेड ग्राउंड पार्किंग
सुनहरी मस्जिद पार्किंग
तिकोना पार्क पार्किंग
ओमेक्स मॉल पार्किंग
बसों के रूट में किया गया बदलाव
बीटिंग द रिट्रीट और भारत पर्व के कारण बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। प्रमुख रूट परिवर्तन इस प्रकार हैं:
शांति पथ से केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसें विनय मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, मुजीबुर रहमान रोड से जाएंगी।
केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसें उद्यान मार्ग पर समाप्त होंगी और कालीबाड़ी मार्ग, मंदिर मार्ग से लौटेंगी।
कनॉट प्लेस आने वाली बसें मंदिर मार्ग, बाबा खड़ग सिंह मार्ग होते हुए आएंगी और वही मार्ग वापसी के लिए उपयोग करेंगी।
दक्षिणी दिल्ली से कनॉट प्लेस की बसें सफदरजंग रोड, पंचशील मार्ग से होकर जाएंगी।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए बसें धौला कुआं, रिज रोड और रानी झांसी रोड का उपयोग करेंगी।
यातायात पुलिस की सलाह
सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें।
संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
सड़क पर वाहन खड़ा न करें, ऐसा करने पर चालान और क्रेन से उठाने की कार्रवाई की जाएगी।
किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
समारोह में भाग लेने वाले लोग रखें ये सावधानियां
बीटिंग द रिट्रीट और भारत पर्व में बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना को ध्यान में रखते हुए, लोगों से अनुरोध है कि वे यातायात पुलिस की एडवायजरी का पालन करें और जाम से बचने के लिए सुझाए गए मार्गों का उपयोग करें।
