Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंझावली पुल को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की बाधा दूर हो गई है। जिला प्रशासन और किसानों के बीच मुआवजा दर पर सहमति बन गई है, जिससे अब सड़क निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो सकेगा।

किसानों को मिलेगा 25 करोड़ रुपये मुआवजा

प्रशासन ने किसानों की जमीन का अधिग्रहण करने के लिए मुआवजा राशि तय कर दी है। करीब 6.5 हेक्टेयर जमीन के लिए 25 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन जल्द ही इस राशि का वितरण कर किसानों से जमीन लेकर निर्माण कार्य शुरू करेगा।

फरीदाबाद से सीधी कनेक्टिविटी का सपना होगा साकार

फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच सीधी कनेक्टिविटी की योजना दस साल पहले बनाई गई थी। 2014 में इस परियोजना का शिलान्यास किया गया, लेकिन जमीन अधिग्रहण की दिक्कतों के कारण कार्य गति नहीं पकड़ सका। 2018 में पुल निर्माण कार्य में तेजी आई और 2024 में 630 मीटर लंबा चार लेन पुल बनकर तैयार हो गया।

3720 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मिलेगा मुआवजा

गौतमबुद्ध नगर के अट्टा गुजरान गांव के पास सड़क निर्माण के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। प्रशासन ने किसानों को 3720 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा देने की सहमति बना ली है। जमीन का बैनामा कर किसानों को सीधा मुआवजा दिया जाएगा, जिससे प्रक्रिया में तेजी आएगी और निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

122 करोड़ की लागत से बना है यमुना नदी पर पुल

ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच 630 मीटर लंबा पुल मंझावली और गौतमबुद्ध नगर के अट्टा गुजरान गांव के पास यमुना नदी पर बनाया गया है। इस पुल के निर्माण में 122 करोड़ रुपये की लागत आई है। अब इस पुल को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए 20 किमी लंबी सड़क बनाई जा रही है, जिसमें चार किलोमीटर का हिस्सा पहले जमीन अधिग्रहण की वजह से अटका हुआ था।

दिल्ली होकर जाने की जरूरत नहीं, मिनटों में तय होगा सफर

इस नई सड़क के निर्माण से ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच सफर आसान हो जाएगा। अब लोगों को दिल्ली होकर फरीदाबाद जाने की जरूरत नहीं होगी, वे सीधे मंझावली पुल के जरिए फरीदाबाद पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा का समय घटेगा और दिल्ली व नोएडा में ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।