ICC ODI Team of the Year: साल 2024 में भारत के लिए वनडे क्रिकेट में प्रदर्शन बेहद सीमित रहा। टीम इंडिया ने पूरे साल केवल तीन वनडे मैच खेले, जिनमें से दो में हार का सामना करना पड़ा। यही वजह रही कि आईसीसी की साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम में किसी भी भारतीय खिलाड़ी को जगह नहीं मिली। भारत ने ये तीनों मैच कोच गौतम गंभीर की कोचिंग में खेले थे।

श्रीलंका के असलंका बने कप्तान

आईसीसी ने शुक्रवार को साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम जारी की। इस टीम की कप्तानी श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी चरिथ असलंका को सौंपी गई है। खास बात यह है कि इस टीम में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और 2023 विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम से कोई भी खिलाड़ी शामिल नहीं है।

एशियाई खिलाड़ियों का दबदबा

टीम में एशिया के खिलाड़ियों का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला। 11 खिलाड़ियों की इस टीम में 10 खिलाड़ी एशियाई हैं। श्रीलंका के सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी टीम में जगह बनाने में सफल रहे, जबकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से तीन-तीन खिलाड़ी शामिल हुए। वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड इकलौते गैर-एशियाई खिलाड़ी हैं।

असलंका का शानदार प्रदर्शन

चरिथ असलंका ने 2024 में 16 वनडे मैचों में 50.2 की औसत से 605 रन बनाए। इसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, श्रीलंका ने साल 2024 में सबसे ज्यादा 18 वनडे खेले और 12 में जीत दर्ज की।

टीम के अन्य प्रमुख खिलाड़ी

टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी श्रीलंका के पथुम निसांका और पाकिस्तान के सैम अयूब को सौंपी गई है। मध्यक्रम में अफगानिस्तान के रहमनुल्लाह गुरबाज, श्रीलंका के कप्तान असलंका और कुसल मेंडिस को जगह दी गई है। वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड टीम में बतौर ऑलराउंडर शामिल हैं। इसके अलावा, अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई पेस बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल हैं। स्पिन की जिम्मेदारी श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और अफगानिस्तान के गजनफर पर है। तेज गेंदबाजी में पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ को जगह दी गई है।

ICC पुरुष वनडे टीम ऑफ द ईयर 2024

चरिथ असलंका (कप्तान) (श्रीलंका)

सैम अयूब (पाकिस्तान)

रहमानुल्लाह गुरबाज (अफगानिस्तान)

पथुम निसांका (श्रीलंका)

कुसल मेंडिस (विकेटकीपर) (श्रीलंका)

शेरफेन रदरफोर्ड (वेस्टइंडीज)

अजमतुल्लाह ओमरजई (अफगानिस्तान)

वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका)

शाहीन शाह अफरीदी (पाकिस्तान)

हारिस रऊफ (पाकिस्तान)

एएम गजनफर (अफगानिस्तान)