Delhi News: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच, दिल्ली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने और पुलिस से बदसलूकी करने के आरोप में दो लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से एक लड़के ने खुद को ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा बताया। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है।
गलत साइड से बाइक चलाने पर रोका गया
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को पेट्रोलिंग के दौरान दो लड़कों को बुलेट बाइक पर रॉन्ग साइड से आते हुए देखा गया। उनकी बाइक मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण तेज आवाज कर रही थी और वे बाइक को जिगजैग तरीके से चला रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोका, तो उनमें से एक लड़के ने खुद को ‘आप’ विधायक अमानतुल्लाह खान का बेटा बताते हुए पुलिस पर आरोप लगाया कि वे जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं।
लाइसेंस मांगने पर किया दुर्व्यवहार
पुलिस ने जब लड़कों से ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र मांगा, तो उन्होंने इसे दिखाने से इनकार कर दिया। एक लड़के ने मौके पर अमानतुल्लाह खान को फोन कर एसएचओ से बात कराई। इसके बाद भी उन्होंने अपना नाम और पता बताने से इनकार कर दिया और वहां से चले गए। पुलिस ने उनकी बाइक को थाने ले जाकर जब्त कर लिया और मामला दर्ज कर लिया है।
20,000 रुपये का जुर्माना
पुलिस ने बताया कि ‘आप’ विधायक का बेटा होने का दावा करने वाले व्यक्ति पर कई आरोप लगाए गए हैं, जिनमें पुलिस से दुर्व्यवहार, खतरनाक ड्राइविंग, बिना हेलमेट के बाइक चलाना, मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल और बिना ड्राइविंग लाइसेंस गाड़ी चलाना शामिल है। इस मामले में 20,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
चुनावी सुरक्षा के मद्देनजर सख्ती
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के चलते सड़कों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग की आचार संहिता लागू होने के कारण संवेदनशील इलाकों में पुलिस की बैरिकेडिंग और पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 8 फरवरी को होगी।
