Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार (23 जनवरी) को सुबह मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही बादल भी बने रहेंगे और सुबह के समय हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, शाम या रात के समय हल्की धुंध नजर आ सकती है। 

तापमान में गिरावट का अनुमान

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 24 से 28 जनवरी के बीच तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा। इस दौरान मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। 

बुधवार बना जनवरी का दूसरा सबसे गर्म दिन

इस सीजन में बुधवार का दिन जनवरी का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था। इससे पहले 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। 

24 जनवरी के बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी देखी गई। लेकिन 24 जनवरी से विक्षोभ के प्रभाव कम होने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कोहरा भी घना हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्मॉग के कारण हवा की गुणवत्ता और खराब हो सकती है। 

दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुवार सुबह सात बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 321 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। AQI को 0-50 के बीच ‘अच्छा’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101-200 के बीच ‘मध्यम’, 201-300 के बीच ‘खराब’, 301-400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401-500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। 

कोहरे और स्मॉग से रहें सतर्क

मौसम विशेषज्ञों ने कोहरे और प्रदूषण के चलते सतर्क रहने की सलाह दी है। सर्दी के इस दौर में सेहत का ध्यान रखने और बाहर निकलने से पहले पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है।