Ghaziabad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) के चौथे सेक्शन का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक मौके पर पीएम मोदी गाजियाबाद के साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन पहुंचे और नमो भारत ट्रेन में सवार होकर बच्चों के साथ सफर का आनंद लिया। उन्होंने स्वयं टिकट खिड़की पर जाकर टिकट खरीदी और डिजिटल भुगतान के जरिए इसे स्कैन कर अपनी यात्रा की शुरुआत की।
पहले सेक्शन की शुरुआत 20 अक्टूबर 2023 को
नमो भारत ट्रेन के पहले सेक्शन का शुभारंभ भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर, 2023 को साहिबाबाद से किया था। यह सेक्शन साहिबाबाद से दुहाई तक 17 किमी लंबा था। इसके बाद मार्च 2024 में दुहाई से मोदीनगर के दूसरे सेक्शन और अगस्त 2024 में तीसरे सेक्शन पर संचालन शुरू हुआ। फिलहाल नमो भारत ट्रेन 42 किमी के रूट पर दौड़ रही है और 50 लाख से अधिक यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचा चुकी है। आज चौथे सेक्शन के उद्घाटन के बाद ऑपरेशनल रूट की लंबाई बढ़कर 55 किमी हो जाएगी।
दिल्ली में प्रवेश करेगी देश की सबसे तेज ट्रेन
आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि नमो भारत ट्रेन पहली बार देश की राजधानी दिल्ली में प्रवेश करेगी। यह ट्रेन भारत की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन है और पूरी तरह से भारत में निर्मित है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर में आनंद विहार स्टेशन सबसे बड़ा जंक्शन होगा, जो आरआरटीएस, दिल्ली मेट्रो (पिंक और ब्लू लाइन), अंतरराज्यीय बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और कौशांबी बस अड्डे को जोड़ता है।
बच्चों के साथ सफर और तोहफे
अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्कूली बच्चों के साथ बातचीत की और उनके दिए तोहफे स्वीकार किए। इन तोहफों में भारत की विकास गाथा को दर्शाने वाले प्रतीक शामिल थे। बच्चों से बातचीत के दौरान पीएम ने ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं और इसके निर्माण में भारतीय तकनीक के योगदान की सराहना की।
प्रीमियम क्लास की सुविधाएं
नमो भारत ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। प्रीमियम क्लास में यात्री थोड़ा अतिरिक्त किराया देकर बेहतर सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं, जिनमें आरामदायक सीटें, पानी और अखबार जैसी सेवाएं शामिल हैं।
आधुनिक भारत की झलक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नमो भारत ट्रेन ने आधुनिक भारत की तस्वीर को नई पहचान दी है। यह ट्रेन केवल एक ट्रांसपोर्ट मोड नहीं बल्कि भारत के विकास और स्वदेशी तकनीक की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल देश की परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने न्यू अशोक नगर स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त की और दिल्ली के जापानी पार्क में चौथे चरण के औपचारिक उद्घाटन के लिए पहुंचे।
