Ghaziabad News: गाजियाबाद के थाना नंदग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई पीएफए (पिपल्स फॉर एनिमल्स) से जुड़े गौरव गुप्ता की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद की गई है। मामले में शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकियों और जान का खतरा होने का आरोप लगाया है।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

गौरव गुप्ता ने बताया कि उनके भाई सौरव गुप्ता ने एल्विश यादव के खिलाफ गुरुग्राम में पहले ही मामला दर्ज कराया था। गौरव खुद नोएडा में एल्विश के खिलाफ दर्ज एक अन्य गंभीर मामले के वादी हैं। कोर्ट ने थाना नंदग्राम को आदेश दिया कि सौरव गुप्ता की शिकायत पर उचित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की जाए।

धमकियों से बंद किया फेसबुक अकाउंट

गौरव के अनुसार, सौरव को लगातार सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही थीं। उनके फेसबुक अकाउंट को भी बंद करना पड़ा क्योंकि उन्हें डर था कि उन्हें और उनके भाई को किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है। शिकायत में यह भी बताया गया कि उनकी सोसाइटी में कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे थे, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता हो रही थी।

‘एल्विश आर्मी’ के नाम से धमकियों का आरोप

शिकायत में यह आरोप लगाया गया है कि ‘एल्विश आर्मी’ नामक अकाउंट्स से दोनों भाइयों को धमकियां दी जा रही थीं। सौरव ने कोर्ट में कहा कि उन्हें डर है कि उनके साथ भी उमेश पाल या सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड जैसा कुछ सुनियोजित हमला न हो जाए।

धारा 506 के तहत दर्ज हुआ केस

कोर्ट के आदेश के बाद थाना नंदग्राम में आईपीसी की धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर संख्या 60 दर्ज की गई है। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सांप वाले केस के बाद बढ़ा तनाव

गौरव गुप्ता ने यह भी बताया कि नोएडा में सांप से जुड़े एक केस के बाद से एल्विश यादव और उनके सहयोगी उनके और उनके भाई के पीछे पड़े हुए हैं। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने इस मामले में तेजी से कदम उठाते हुए केस दर्ज किया है।