Noida: देशभर में डिजिटल ठगी के मामलों में नोएडा का कनेक्शन एक बार फिर सामने आया है। लखनऊ एसटीएफ की ताजा कार्रवाई में नोएडा के एक होटल से ऑपरेट हो रहे ठगी नेटवर्क का कंबोडिया से जुड़ाव उजागर हुआ है। इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड सुरेश सेन, जो कंबोडिया से इसे संचालित कर रहा था, 25 जनवरी को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ के एसीपी विशाल विक्रम के मुताबिक, अब तक इस डिजिटल ठगी गैंग के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनका नेटवर्क हरियाणा, नोएडा और कंबोडिया तक फैला हुआ है। राजस्थान के अलवर के रहने वाले सुरेश सेन की गिरफ्तारी से यह खुलासा हुआ है कि ठगी की घटनाएं नोएडा के सेक्टर-52 के एक होटल से की जा रही थीं।

होटल से ठगी: दो-तीन दिन का ऑपरेशन

जांच में पता चला है कि ठग मीडियम रेंज के होटलों में केवल 2-3 दिन के लिए रुकते हैं। इस दौरान वे फर्जी आईडी का इस्तेमाल करते हुए डिजिटल ठगी को अंजाम देते हैं। नोएडा में हुई एक ठगी में गुड़गांव के 5 युवकों ने होटल में बैठकर 48 लाख रुपये की ठगी की थी। ये आरोपी अपनी पूरी डिटेल और कमाई कंबोडिया भेजते थे। इसके अलावा, ठगी की रकम के 70 फीसदी हिस्से को क्रिप्टो वॉलेट के जरिए कंबोडिया ट्रांसफर किया जाता था।

कंबोडिया में ट्रेनिंग और ठगी का नेटवर्क

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि सुरेश सेन 2023 में कंबोडिया गया था, जहां उसने 10 महीने की ट्रेनिंग ली। इसके बाद उसने वहां एक रेस्तरां खोला, जो ठगी के लिए युवकों को वीजा दिलाने और कंबोडिया बुलाने का जरिया बना। वहां युवकों को ट्रेनिंग देकर उन्हें ठगी के काम में लगाया जाता था।

जिन युवकों ने ठगी में शामिल होने से मना किया, उन्हें बंधक बनाकर काम कराया गया। कुछ पीड़ित युवक, जो गौतमबुद्ध नगर लौटे, उन्होंने पुलिस को इस नेटवर्क की जानकारी दी।

चीन के कॉल सेंटर में नौकरी का झांसा

एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ है कि सुरेश सेन और उसकी गैंग, चीन के कॉल सेंटर में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से डेढ़ लाख रुपये वसूलते थे। जो युवक कंबोडिया पहुंचने के बाद ठगी में शामिल हो जाते, वे देश लौटकर इस नेटवर्क को संभालते थे।

पुलिस की सख्ती: 263 होटलों को नोटिस जारी

लोकल पुलिस और एसटीएफ ने जांच में पाया कि ठग महंगे होटलों में रुकने से बचते हैं। मेट्रो सिटी में 20% से भी कम होटलों के पास सराय एक्ट की मंजूरी है। इसी के चलते पुलिस ने 263 होटलों को नोटिस जारी कर उनकी कमियों की जांच शुरू कर दी है।

पहले भी हुई थीं गिरफ्तारी

दिसंबर 2024 में फरीदाबाद पुलिस ने नोएडा के एक होटल में ठगी कर रहे 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये आरोपी होटल के कमरे को ऑफिस बताकर ठगी करते थे।

अलर्ट पर पुलिस और एसटीएफ

नोएडा और देश के अन्य शहरों में होटल से चल रहे इस तरह के अपराधों को लेकर पुलिस सतर्क है। सभी होटलों में कड़ी निगरानी और वैध दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से ठगी के नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।