Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र की मिग्सन ग्रीन सोसाइटी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने फ्लैट की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

रात 1 बजे की घटना, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

मृतक की पहचान यश वर्मा (24 वर्ष) पुत्र विजय कुमार, निवासी फ्रेंड कॉलोनी, रामादेवी, कानपुर नगर के रूप में हुई है। वह ग्रेटर नोएडा की मिग्सन ग्रीन सोसाइटी में किराए पर रहता था और नोएडा के सेक्टर-60 स्थित एक निजी कंपनी में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव सीएस के पद पर कार्यरत था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि, मृतक का कंपनी आई-कार्ड बरामद हुआ है।

परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी

थाना सूरजपुर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सोमवार को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक ने सोसाइटी के ए टॉवर की 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।