AAP Manifesto 2025: आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार (27 जनवरी) को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी किया। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 15 गारंटी के साथ जनता के सामने अपनी योजनाओं का खाका पेश किया। इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय और सांसद संजय सिंह मौजूद थे।

बीजेपी पर साधा निशाना

मेनिफेस्टो जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जनता से किए 15 लाख रुपये के वादे को पूरा नहीं किया। केजरीवाल ने कहा, “बीजेपी ने गारंटी शब्द का मजाक बना दिया है, लेकिन आप जो कहती है, वह पूरा करती है।”

15 गारंटी का ऐलान

केजरीवाल ने कहा कि ये गारंटी योजनाएं दिल्ली की जनता की जिंदगी बदलने के लिए बनाई गई हैं।

1. रोजगार की गारंटी

दिल्ली में बेरोजगारी खत्म करने का वादा किया गया है। हर बच्चे को रोजगार देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।

2. महिला सम्मान योजना

हर महिला के बैंक खाते में हर महीने 2100 रुपये जमा किए जाएंगे। यह सरकार बनने के बाद पहला निर्णय होगा।

3. संजीवनी योजना

60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। इस पर आने वाला पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी।

4. पानी के बिल माफ

गलत पानी के बिलों को माफ किया जाएगा।

5. 24 घंटे पानी की गारंटी

हर घर में 24 घंटे साफ पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

6. साफ यमुना की गारंटी

यमुना नदी की सफाई का वादा किया गया।

7. सड़कों का यूरोपियन स्टैंडर्ड

दिल्ली की सड़कों को यूरोपियन स्टैंडर्ड का बनाने का वादा किया गया।

8. डॉ. अंबेडकर स्कॉलरशिप योजना

दलित छात्रों की विदेशों में पढ़ाई का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी।

9. छात्रों के लिए फ्री सुविधाएं

छात्रों को बसों में मुफ्त यात्रा और मेट्रो किराए में 50% की छूट मिलेगी।

10. पुजारी और ग्रंथी योजना

गुरुद्वारों और मंदिरों के पुजारियों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी।

11. किरायेदारों को मुफ्त सुविधा

किरायेदारों को बिजली और पानी के बिल पर छूट मिलेगी।

12. सीवर समस्या का समाधान

ओवरफ्लो हो रहे सीवर को 15 दिनों के अंदर ठीक किया जाएगा।

13. राशन कार्ड खोलने की योजना

ज्यादा से ज्यादा राशन कार्ड बनाए जाएंगे।

14. बेटी की शादी में मदद

ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों की बेटियों की शादी में 1 लाख रुपये की मदद दी जाएगी।

15. कानून व्यवस्था में सुधार

हर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स उपलब्ध कराए जाएंगे।

केजरीवाल की अपील

केजरीवाल ने जनता से अपील की कि वे इन गारंटियों पर भरोसा करें और आप को एक और मौका दें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी और जेल के झूठे मामलों के कारण कुछ योजनाएं पिछले कार्यकाल में अधूरी रह गईं, लेकिन इस बार दिल्ली का विकास सुनिश्चित किया जाएगा।