Republic Day 2025: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इस अवसर पर परेड विजय चौक से शुरू होकर लाल किला तक जाएगी। परेड का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित किया गया है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई रास्तों पर प्रतिबंध
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एसीपी डीके गुप्ता ने बताया कि परेड मार्ग पर जाने वाली सड़कों पर डायवर्जन लागू रहेगा। शहर के बॉर्डर पर प्रतिबंध शनिवार शाम से ही लागू कर दिए जाएंगे।
विजय चौक से इंडिया गेट तक वाहनों पर रोक
परेड के दौरान शनिवार शाम 5 बजे से विजय चौक से इंडिया गेट तक किसी भी वाहन के आने-जाने पर रोक रहेगी। रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर भी शनिवार रात 10 बजे से क्रॉस ट्रैफिक को अनुमति नहीं दी जाएगी।
रविवार को सुबह 9:15 बजे से सी-हेक्सागन रहेगा बंद
रविवार सुबह 9:15 बजे से सी-हेक्सागन से इंडिया गेट तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। एडवाइजरी के अनुसार, 26 जनवरी को मुख्यमंत्री आतिशी छत्रसाल स्टेडियम में तिरंगा फहराएंगी, जिसमें मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
परेड मार्ग के अलावा कई अन्य सड़कों पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे:
मदर टेरेसा क्रीसेंट
बाबा खड़क सिंह मार्ग
अशोक रोड
संसद मार्ग
कस्तूरबा गांधी मार्ग
मथुरा रोड
बसों और टैक्सियों के लिए बदले मार्ग
शिवाजी स्टेडियम से आने वाली बसों को एनएच-24 और रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया गया है। गाजियाबाद से आने वाली बसें अब मोहन नगर और भोपरा चुंगी के जरिए वजीराबाद ब्रिज की ओर जाएंगी।
वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे नॉर्थ-साउथ कोरिडोर की ओर जाने के लिए आश्रम चौक, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर और राजघाट होते हुए रिंग रोड का इस्तेमाल करें।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान, दिल्ली मेट्रो सेवा चालू रहेगी। हालांकि, लोगों से अपील की गई है कि वे 26 जनवरी को प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें।
