Ghaziabad News: गाजियाबाद के कवि नगर थाना क्षेत्र के आरडीसी इलाके में स्थित FIIT JEE कोचिंग सेंटर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एक छात्रा के अभिभावक की शिकायत पर जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से की गई है। कोचिंग सेंटर के मालिक और सेंटर इंचार्ज समेत चार लोगों के खिलाफ यह मामला दर्ज हुआ है।

पूरी फीस लेने के बावजूद नहीं दी जा रही क्लास

कोचिंग सेंटर पर आरोप है कि छात्रों से पूरी फीस लेने के बावजूद उन्हें कक्षाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। पुलिस ने कहा है कि कोचिंग सेंटर के अधिकारियों से बातचीत की गई है, और उन्होंने आश्वासन दिया है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई बाधित नहीं होगी।

छात्रों का भविष्य दांव पर

गाजियाबाद कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एडवोकेट एच.एल. कपूर ने बताया कि उन्होंने अपनी पोती और पोते का एडमिशन FIIT JEE कोचिंग सेंटर में करवाया था। सेंटर ने एडवांस में फीस ले ली थी, लेकिन बाद में वहां के शिक्षक इस्तीफा देकर चले गए।

कपूर ने बताया कि शिक्षक केंद्र छोड़ने का कारण वेतन न मिलने को बताया। इसके बाद जो नए शिक्षक नियुक्त किए गए, वे छात्रों की जरूरतों के अनुसार सक्षम नहीं थे और उनके पास अनुभव की भी कमी थी। जब अभिभावकों ने फीस वापसी की मांग की, तो कोचिंग सेंटर ने इसे ठुकरा दिया।

800 छात्रों का भविष्य संकट में

FIIT JEE कोचिंग सेंटर में करीब 800 छात्र नामांकित हैं, जिनके भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। एडवोकेट कपूर ने जिला प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

बिना रजिस्ट्रेशन चल रही थी कोचिंग

जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा पुलिस को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि यह कोचिंग सेंटर बिना किसी आधिकारिक रजिस्ट्रेशन के संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा, जिस इमारत में यह कोचिंग सेंटर चल रहा है, उसके मालिक ने किराया न चुकाने के कारण नोटिस भी जारी किया है।

पुलिस का आश्वासन

गाजियाबाद के डीसीपी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कोचिंग सेंटर के अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया है कि सभी छात्रों की पढ़ाई पूरी कराई जाएगी और किसी भी छात्र का अहित नहीं होगा।

जिला प्रशासन की कड़ी नजर

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कोचिंग सेंटर पर अपनी नजरें कड़ी कर दी हैं। अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।