Republic Day Rehearsal: गणतंत्र दिवस (Republic Day) परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते आज यानी गुरुवार को दिल्ली के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और परेड मार्गों से बचें।

रिहर्सल सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन (इंडिया गेट), नेताजी सुभाष चंद्र बोस राउंड अबाउट, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए लाल किले तक पहुंचेगी। इस दौरान इन मार्गों पर यातायात बंद रहेगा।

कर्तव्य पथ और अन्य मार्गों पर प्रतिबंध 

– कर्तव्य पथ पर बुधवार शाम 6 बजे से गुरुवार को रिहर्सल समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध रहेगा। 

– रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर बुधवार रात 11 बजे से परेड खत्म होने तक क्रॉस-ट्रैफिक बंद रहेगा। 

– सी-हेक्सागन से जुड़े मार्ग गुरुवार सुबह 9:15 बजे से परेड के तिलक मार्ग को पार करने तक बंद रहेंगे। 

– तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह 10:30 बजे से परेड समाप्त होने तक यातायात दोनों दिशाओं में बंद रहेगा।

अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पड़ेगा असर

मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, अशोक रोड से पटेल चौक तक, संसद मार्ग, कस्तूरबा गांधी मार्ग, फिरोजशाह रोड, मंडी हाउस चक्कर, भगवान दास रोड, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, हुमायूं रोड, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग और कौटिल्य मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंध रहेगा।

मेट्रो सेवाएं सामान्य, भारी वाहनों पर रोक

दिल्ली मेट्रो की सभी सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। हालांकि, भारी परिवहन वाहनों, मध्यम मालवाहक और हल्के मालवाहक वाहनों को बुधवार रात 9 बजे से गुरुवार रिहर्सल समाप्त होने तक दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

रेलवे स्टेशनों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह

नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं है। हालांकि, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने गंतव्य पर समय से पहुंचने के लिए यात्रा की योजना पहले से बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर चलें।

सुरक्षा को लेकर सख्ती

पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचित करें। इसके अलावा, पैराग्लाइडर, ड्रोन, हैंग ग्लाइडर, क्वाडकॉप्टर और अन्य उप-पारंपरिक हवाई प्लेटफॉर्मों पर 1 फरवरी तक पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

यात्रियों से अपील 

यात्रियों को यातायात नियमों का पालन करने और चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि परेड और रिहर्सल के सुचारू संचालन में कोई बाधा न आए।