Saif Ali Khan Attacked: बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता सैफ अली खान पर बुधवार देर रात उनके बांद्रा स्थित घर में चाकू से हमला किया गया। इस हमले में सैफ अली खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

क्या है पूरी घटना

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे एक अज्ञात शख्स चोरी के इरादे से सैफ अली खान के अपार्टमेंट में घुसा। अपार्टमेंट में घुसने के बाद उस शख्स की सैफ की मेड अरियामा फिलिप्स उर्फ लीमा के साथ झगड़ा हुआ। शोर सुनकर सैफ मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में सैफ अली खान के हाथ, रीढ़ की हड्डी और गर्दन पर गहरी चोटें आईं। घटना के दौरान उनके परिवार के कुछ सदस्य भी घर में मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि इस हमले में सैफ के साथ उनकी मेड भी घायल हुई हैं।

ऑपरेशन और स्वास्थ्य अपडेट

लीलावती अस्पताल के डॉक्टर नितिन डांगे ने बताया, “सैफ अली खान को रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी। सर्जरी के दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी से तीन इंच लंबी नुकीली वस्तु निकाली गई। प्लास्टिक सर्जरी टीम ने उनके बाएं हाथ और गर्दन पर आए घावों का भी इलाज किया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।”

पुलिस जांच और घटनास्थल पर स्क्वायड डॉग

हमले की सूचना मिलते ही बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और स्क्वायड डॉग को भी बुलाया गया। बांद्रा के डीसीपी ने पुष्टि की कि आरोपी ने चोरी के इरादे से अपार्टमेंट में घुसकर सैफ अली खान पर हमला किया।

परिवार और शूटिंग पर असर

घटना के बाद सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर खान सुबह 4:30 बजे अस्पताल पहुंचीं। इस हादसे के चलते सैफ अली खान की आगामी फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है।

आलीशान अपार्टमेंट में हुई वारदात

सैफ अली खान का बांद्रा स्थित सतगुरु शरण बिल्डिंग में एक लग्जरी अपार्टमेंट है, जिसमें वह अपनी पत्नी करीना कपूर खान और बच्चों तैमूर व जेह के साथ रहते हैं। अपार्टमेंट में छत, बालकनी और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी हैं।