Atishi Net Worth: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने मंगलवार (14 जनवरी) को कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सीएम आतिशी ने अपनी संपत्ति का ब्योरा भी दाखिल किया, जिसमें बताया कि उनके पास करीब 78 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
हलफनामे के मुताबिक, 2023-24 के लिए आतिशी की कुल आय 9,62,860 रुपये है और उनकी कुल संपत्ति 76,93,374 रुपये है। उनके पास 1 लाख रुपये के सोने के गहने हैं और 30,000 रुपये नकद हैं। 2022-23 की तुलना में 2023-24 में उनकी आय में वृद्धि हुई है। 2022-23 में उनकी कुल आय 4,02,680 रुपये थी। 2021-22 में उनकी कुल आय ₹5,58,450 थी, जबकि 2020-21 में यह ₹4,09,080 थी और 2019-20 में यह ₹3,41,045 थी।
आतिशी के पास कोई वाहन नहीं
चुनावी हलफनामे के अनुसार, सीएम आतिशी ने किसी शेयर में निवेश नहीं किया है। उनके पास कोई वाहन नहीं है और न ही कोई व्यक्तिगत ऋण है।
लांबा और बिधूड़ी से मुकाबला
गौरतलब है कि आतिशी वर्तमान में कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। इस बार उनका मुकाबला भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है, जबकि मतगणना के बाद 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
