Delhi Assembly Election 2025:दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार (10 जनवरी) को नवगठित सनातन सेवा समिति के सदस्यों की घोषणा की। पार्टी ने घनेंद्र भारद्वाज को प्रदेश प्रभारी और विजय शर्मा को सनातन सेवा समिति का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी ने जितेंद्र शर्मा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, सरदार राजेंद्र सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष, ब्रजेश शर्मा को प्रदेश संगठन मंत्री, मनीष गुप्ता और सरदार राजेंद्र सिंह को प्रदेश सचिव और दुष्यंत शर्मा को प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त किया।
बता दें कि हाल ही में भाजपा के मंदिर प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी आप में शामिल हुए। इनमें विजय शर्मा, जितेंद्र शर्मा, ब्रजेश शर्मा, मनीष गुप्ता, दुष्यंत शर्मा और उदयकांत झा शामिल हैं।
पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना
हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत पुजारियों और ग्रंथियों को 18,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। आप का दावा है कि भाजपा इस योजना में बाधा डालने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा का तर्क है कि आप को चुनाव से पहले ही पुजारियों और ग्रंथियों की याद क्यों आई।
केजरीवाल लगातार कर रहें वादें
दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने 8 जनवरी को विधानसभा चुनाव की घोषणा की थी। इसके बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार वादों की झड़ी लगा रहे हैं।
शुक्रवार (10 जनवरी) को केजरीवाल ने अपने चुनावी वादों में से एक में कहा कि अगर उनकी पार्टी दिल्ली में सत्ता में लौटती है तो रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को निजी सुरक्षा गार्ड रखने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। केजरीवाल ने कहा, “वित्तीय सहायता की राशि और नियुक्त किए जाने वाले गार्डों की संख्या बाद में तय की जाएगी।”
